विशाखापत्तनम , 12 नवंबर (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि दुनिया में अस्थिरता, संघर्ष और अनिश्चितता के माहौल के बावजूद भारत वैश्विक निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद, विश्वसनीय और उच्च क्षमता वाला निवेश गंतव्य बना हुआ है।
श्री गोयल ने यहां आयोजित 31वें भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) भागीदारी शिखर सम्मेलन- 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि विशाखापत्तनम में लगातार दो चक्रवातों (28 अक्टूबर और 3 नवंबर) का सामना करने के बावजूद शहर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, मंत्रियों और निवेशकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार रहा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से राज्य में आपदा प्रबंधन और उससे निपटने की मजबूत क्षमता विकसित हुई है।
वाणिज्य मंत्री ने श्री नायडू की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत पहले ही आईटी क्रांति की संभावनाओं को पहचान लिया था और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम इंजीनियरिंग, डेटा सेंटर और अमरावती में क्वांटम वैली जैसी परियोजनाओं की योजना भी समय से पहले तैयार कर ली है।
श्री गोयल ने कहा कि जहां दुनिया अभी भी ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) की बात कर रही है, वहीं आंध्र प्रदेश ने इस चर्चा को आगे बढ़ाते हुए ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने की गति) पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने निवेशकों को प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू एस्क्रो अकाउंट व्यवस्था की विशेष रूप से सराहना की।
श्री गोयल ने कहा कि देश के विकास के लिए टीम इंडिया (केंद्र और राज्य) एकजुट होकर काम कर रही है। केंद्र सरकार व्यापार समझौतों के माध्यम से वैश्विक बाजारों तक पहुंच के अवसर उपलब्ध कराती है और प्रदेश इन अवसरों को कारखानों, डेटा सेंटरों और रोजगार के अवसरों में बदलने का काम करता है।
यहां दो दिन के इस सम्मेलन का विषय है- ‘नए वैश्विक व्यवस्था में मार्ग तलाशना: व्यापार, प्रौद्योगिकी, विश्वास और विचार का नेतृत्व’। इसका संयुक्त आयोजन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, आंध्र प्रदेश सरकार और सीआईआई द्वारा किया जा रहा है। इसमें करीब 60 देशों के नीति-निर्माता, मंत्री और प्रमुख उद्योग जगत के नेता शामिल हुए हैं।
इस दौरान बड़े निवेश प्रस्तावों की घोषणाएं और महत्वपूर्ण करार हाेने की भी उम्मीद है।
