अफगानिस्तान ने तंजानिया को नौ विकेट से हराया

विंडहोक, 21 जनवरी (वार्ता) नूरिस्तानी उमरजई (पांच विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद फैसल शिनोजादा (नाबाद 55) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत अफगानिस्तान ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के 18वें मुकाबले में तंजानिया को 224 गेंदें शेष रहते नौ विकेट से रौंद दिया। अफगानिस्तान ने 86 रनों के लक्ष्य को महज 12.4 ओवर में एक विकेट पर 88 रन बनाकर मुकाबला नौ विकेट से अपने नाम किया। अफगानिस्तान का एकमात्र विकेट पांचवें ओवर में खालिद अहमदजई (14) के रूप में गिरा। फैसल शिनोजादा ने 34 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 55 रनों की पारी खेली। वहीं उस्मान सादात 16 रन बनाकर नाबाद रहे। खालिदी जुमा तंजानिया की ओर से एक विकेट लिया।

इससे पहले आज यहां तंजानिया की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी तंजानिया की टीम अफगानिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण का अधिक देर तक सामना नहीं कर सकी और पूरी टीम 36 ओवरों में 85 के स्कोर पर ढेर हो गई। तंजानिया के लिए ऑगस्टिनो मवामेले ने सर्वाधिक 14 रन बनाये। उनके अलावा रेहान अतिफ (11) और कप्तान लक्ष बकरानिया 10 रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
अफगानिस्तान के लिए नूरिस्तानी उमरजई सात ओवर में नौ रन देकर पांच विकेट झटके। उजैरउल्लाह नियाजी ने तीन ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लिये। वहीदुल्लाह जदरान और खतिर स्टानिकजई ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

बेन मेयस का शतक, इंग्लैंड 404/6

Wed Jan 21 , 2026
हरारे, 21 जनवरी (वार्ता) बेन मेयस (191) और जोसेफ मूर्स (81) की शानदार आतिशी पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के 17वें मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ छह विकेट पर 404 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आज यहां स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का […]

You May Like

मनोरंजन