‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का मुस्कुरा दो सॉन्ग हुआ रिलीज, अजय देवगन की फिल्म में दिखा प्यार और सुकून का रंग

मुंबई, अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का गाना ‘मुस्कुरा दो’ रिलीज हो गया है। लकी अली ने इसे अपनी आवाज दी है, जबकि रोचक कोहली ने संगीत और मनोज मुंतशिर ने बोल लिखे हैं।

अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के मेकर्स ने बुधवार को इसका दूसरा गाना ‘मुस्कुरा दो’ रिलीज कर दिया है। फिल्म के सस्पेंस और थ्रिल से अलग यह गाना विजय सालगांवकर और उसके परिवार के बीच के प्यार, अपनापन और इमोशनल रिश्ते को सामने लाता है।

‘मुस्कुरा दो’ को मशहूर गायक लकी अली ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत रोचक कोहली ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। लकी अली की खास और भावुक आवाज गाने को एक पुरानी यादों वाली मिठास देती है। यह गाना विजय सालगांवकर की जिंदगी के उन पलों को दिखाता है, जहां वह अपने परिवार के साथ सुकून और खुशी महसूस करता है। कहानी में लगातार बने रहने वाले तनाव के बीच यह गाना परिवार की अहमियत को सामने रखता है।

अजय देवगन के साथ लकी अली का पहला म्यूजिकल कोलैब
‘मुस्कुरा दो’ की एक खास बात यह भी है कि यह अजय देवगन और लकी अली का पहला म्यूजिकल कोलैब बताया जा रहा है। लकी अली ने गाने के बारे में कहा कि इसमें भावनाएं पहले से मौजूद थीं और उन्हें जबरदस्ती दिखाने की कोशिश नहीं की गई। उनके मुताबिक, गाने ने उन्हें परिवार के साथ बिताए उन पलों की याद दिलाई, जहां खुश रहने के लिए किसी खास वजह की जरूरत नहीं होती।

रोचक कोहली और मनोज मुंतशिर ने ऐसे तैयार किया गाना
कंपोजर रोचक कोहली के मुताबिक, वह चाहते थे कि गाना गंभीर थ्रिलर फिल्म के बीच एक फैमिली सॉन्ग की तरह महसूस हो। वहीं गीतकार मनोज मुंतशिर ने परिवार की छोटी-छोटी खुशियों और बिना कुछ कहे एक-दूसरे को समझने वाले पलों को शब्दों में पिरोने की कोशिश की।

पहले गाने से बिल्कुल अलग है मुस्कुरा दो
फिल्म का पहला गाना ‘विंगांसा’ जहां डार्क और बदले वाले मूड को दिखाता है, वहीं ‘मुस्कुरा दो’ पूरी तरह प्यार, परिवार और सुकून पर केंद्रित है। यही अंतर दोनों गानों को एक-दूसरे से अलग बनाता है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का तीसरा और आखिरी चैप्टर बताया जा रहा है। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे और कहानी आगे की घटनाओं पर केंद्रित होगी।

 

Next Post

इंदौर तेजी से बढ़ते आर्थिक मजबूती वाले शहर मेंः भंडारी

Thu Sep 24 , 2026
इंदौर: भाजपा के राष्ट्रीय सह प्रवक्ता ने कहा कि इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर होने के साथ तेजी से बढ़ते आर्थिक मजबूती वाले शहरों की गिनती में है. मेरी इच्छा है कि मुंबई की तरह इंदौर देश की आर्थिक राजधानी बने. आज इंदौर देश के 15 तेजी से औद्योगिक […]

You May Like