नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आईडीबीआई बैंक के प्रस्तावित निजीकरण को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला और सरकार पर देश के विकास के लिए बनाए गए सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को बेचने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए श्री गांधी ने कांग्रेस और मौजूदा सरकार की आर्थिक नीतियों के अंतर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस ने देश के उद्योग धंधों को खड़ा करने के लिए संस्थानों का निर्माण किया, वहीं वर्तमान सरकार उन्हें बेचने में लगी है।
विनिवेश प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए श्री गांधी ने कहा, ” कांग्रेस के समय में आईडीबीआई बना- देश का उद्योग खड़ा करने के लिए। मोदी के समय में पहले बोली देखी गई, फिर दाम तय हुआ।” सरकार के निजीकरण अभियान पर सीधा तंज कसते हुए कांग्रेस नेता ने टिप्पणी की, “कांग्रेस के समय में बैंक बनते थे, श्री मोदी के समय में बिकते हैं।” रणनीतिक विनिवेश के कारण अनिश्चितता का सामना कर रहे बैंक कर्मचारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उन्होंने उनके संघर्ष का समर्थन किया और कहा, “मैं आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों के साथ खड़ा हूं।”

