मुंबई, 30 अक्टूबर (वार्ता) ज़ी टीवी के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ में संगीतकार, गायक और गीतकार अनु मलिक की खास एंट्री होने जा रही है।अनु मलिक आने वाले कुछ हफ्तों तक स्पेशल जज के रूप में शो का हिस्सा बनेंगे और उभरते गायकों की प्रतिभा को परखते नजर आएंगे। ‘हिंदुस्तान का संगीतस्थान’ बनने की थीम के साथ शुरू हुए इस सीजन में शंकर महादेवन, जावेद अली, नीति मोहन और कुमार सानू जज की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि श्रेयस तलपड़े शो की मेजबानी कर रहे हैं। भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत को समर्पित इस मंच पर देशभर की नई प्रतिभाओं को अपनी गायकी का हुनर दिखाने का अवसर मिल रहा है।
अनु मलिक इससे पहले भी ‘सा रे गा मा पा’ से जुड़े रहे हैं। इस प्रतिष्ठित मंच पर उनकी वापसी शो के लिए खास होगी। जज के रूप में यह उनका चौथा पड़ाव है। उनकी मौजूदगी से प्रतियोगियों को संगीत के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलने की उम्मीद है।
शो में वापसी को लेकर अनु मलिक ने कहा कि ‘सा रे गा मा पा’ से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है और यहां लौटना कई खूबसूरत यादों को ताजा करता है। युवा गायकों के जुनून और प्रतिभा को करीब से देखना हमेशा सुखद अनुभव होता है।
उनका मानना है कि गायकी केवल सुर और ताल तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी गीत में भावनाओं को उतारना और श्रोताओं के दिल तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है।उन्होंने कहा कि हर गायक का अपना अंदाज और अपनी कहानी होती है, जो संगीत को खूबसूरत बनाती है। प्रतिभाशाली प्रतियोगियों, शानदार प्रस्तुतियों और संगीत जगत की दिग्गज हस्तियों के साथ ‘सा रे गा मा पा 2026’ भारतीय संगीत का जश्न मना रहा है। अनु मलिक की विशेष मौजूदगी से शो के आगामी एपिसोड और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। ‘सा रे गा मा पा 2026’ का प्रसारण प्रत्येक शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे ज़ी टीवी पर किया जा रहा है।

