
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को लोक भवन, भोपाल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में चल रही तैयारियों और अब तक मिले जनसुझावों की जानकारी राज्यपाल को दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि UCC को लेकर प्रदेश भर से 9 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने व्यापक जनसमर्थन और आगे की कार्ययोजना से भी राज्यपाल को अवगत कराया।
भेंट के दौरान प्रदेश में चल रहे विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल क्रियान्वयन, गुरु पूर्णिमा पखवाड़े में प्रस्तावित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी।
इसके अलावा प्रदेश की चार कृषि उपजों को मिले जीआई टैग से किसानों को होने वाले लाभ, सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, एमएसएमई और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने, औद्योगिक निवेश बढ़ाने तथा रोजगार सृजन के प्रयासों और उपलब्धियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
