मुंबई, 29 जून (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की आगामी फिल्म ‘आवारापन 2’ का टीज़र रिलीज हो गया है। टीज़र में दिशा पाटनी के नए लुक और उनके रहस्यमयी किरदार ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। टीज़र में दिशा पाटनी लाल रंग की पोशाक में सेलो बजाते हुए नजर आती हैं। उनका शांत और भावनात्मक अंदाज फिल्म की कहानी में उनके किरदार के महत्व का संकेत देता है। मेकर्स ने फिलहाल उनके किरदार से जुड़ी अधिक जानकारी साझा नहीं की है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार दिशा पाटनी का किरदार कहानी का भावनात्मक केंद्र है और उससे जुड़े कई अहम राज फिल्म की रिलीज तक गोपनीय रखे गए हैं। सूत्रों का कहना है कि टीज़र में केवल उनके किरदार की एक झलक दिखाई गई है, जबकि पूरी कहानी फिल्म में सामने आएगी। फिल्म में दिशा पाटनी की जोड़ी अभिनेता इमरान हाशमी के साथ नजर आएगी। वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म ‘आवारापन’ की लोकप्रियता को देखते हुए इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह है। टीज़र जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर दिशा पाटनी के नए लुक की चर्चा शुरू हो गई है। उल्लेखनीय है कि दिशा पाटनी की फिल्म ‘वेलकम टू जंगल’ भी इन दिनों चर्चा में है। ऐसे में ‘आवारापन 2’ के टीज़र ने उनकी आगामी फिल्मों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

