तेहरान, 25 सितंबर (वार्ता) ईरान और रूस ने बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है जिसके तहत रूस यहां छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) का निर्माण करेगा।
ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (एईओआई) की वेबसाइट पर जारी एक बयान के अनुसार संगठन प्रमुख मोहम्मद एस्लामी और रूस के परमाणु ऊर्जा निगम रोसाटॉम के प्रमुख एलेक्सी लिखाचेव के बीच मॉस्को में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये हैं।
बयान में कहा गया कि एमओयू का उद्देश्य दोनों देशों के राष्ट्रीय विनियम और अंतरराष्ट्रीय दायित्व के अनुपालन में सतत विकास में बढ़ावा देने, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और प्रौद्योगिकी को उन्नत बनाने में परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल पर सहयोग को बढ़ावा देना है।
इसमें कहा गया कि एमओयू के तहत दोनों पक्ष भविष्य में एसएमआर पर आधारित परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के डिजाइन और निर्माण के लिए अनुबंध तैयार करेंगे और उन पर हस्ताक्षर करेंगे।
श्री एस्लामी अपने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ रूसी अधिकारियों से मिलने और 25 से 28 सितंबर तक चलने वाले विश्व परमाणु सप्ताह फोरम में शामिल होने के लिए सोमवार को मास्को पहुंचे थे।
श्री एस्लामी ने कहा कि इस अनुबंध के तहत रूस द्वारा ईरान में आठ परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के निर्माण किये जाने की उम्मीद है, जिनमें से चार दक्षिणी प्रांत बुशहर में बनाये जायेंगे, क्योंकि देश आगामी वर्षों में 20,000 मेगावाट बिजली पैदा करना चाहता है।

