
बैतूल। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 15 मार्च से जिले के सभी शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। वहीं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाना भी जरूरी रहेगा।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी स्वयं हेलमेट पहनकर उदाहरण प्रस्तुत करें और अपने परिवार तथा आम नागरिकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यातायात पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्गों पर बने अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व सूचना और अनाउंसमेंट के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले खतरनाक मोड़ों और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां संकेतक, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
बडोरा मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस, नगरपालिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री प्रीति पटेल, यातायात प्रभारी गजेन्द्र केन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
