सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में 24 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा और 29 जुलाई की गुरु पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है.
बकरी पुल और मनकामेश्वर मंदिर मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते 23 जुलाई से 30 जुलाई तक विशेष रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा. रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम जाने वाले सभी ऑटो, वैन और अन्य वाहन अब शुगर मिल चौराहा, गणेश मंदिर और मंत्री पेट्रोल पंप होते हुए धाम पहुंचेंगे. अंदरूनी बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं के वाहनों की नो-एंट्री रहेगी बकरी पुल निर्माण के चलते इंदौर नाका से रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा. इसी तरह मनकामेश्वर मंदिर मार्ग निर्माण कार्य के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.
23 जुलाई से 30 जुलाई तक रेलवे स्टेशन से आने वाले सभी ऑटो, वैन और अन्य वाहनों को शुगर मिल चौराहा, गणेश मंदिर, मंत्री पेट्रोल पंप, कुबेरेश्वरधाम मार्ग से भेजा जाएगा. शहर के लिसा टॉकीज चौराहा-नदी चौराहा वाले अंदरूनी बाजार मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने. श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए धाम परिसर में कुल 12 एकड़ में दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं.
पहली पार्किंग 7 एकड़ क्षेत्र में सबसे पहले आने वाले वाहनों की पार्किंग होगी. पहली पार्किंग भरने के बाद वाहनों को 5 एकड़ क्षेत्र वाली दूसरी पार्किंग में भेजा जाएगा. भोपाल और आष्टा दिशा से आने वाले सभी वाहनों को जगदीश फ्यूल पंप के पास से निर्धारित प्रवेश मार्ग से ही धाम में प्रवेश दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से मंदिर परिसर में प्रवेश दिया जाएगा.
