
मुंबई, 07 सितंबर (वार्ता) निर्माता शैलेश एस. सांघवी और फिल्मकार पलाश मुच्छल ने शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर में दर्शन कर अपनी फिल्म ‘तेरा साईं’ की रिलीज डेट की घोषणा की है। साईं बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म में संजय मिश्रा साईं बाबा की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओंकार दास माणिकपुरी, अविका गोर और रोहन मेहरा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। पलाश मुच्छल लिखित और निर्देशित इस फिल्म का निर्माण शैलेश एस. सांघवी ने एस3 फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म की प्रमुख शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है।
फिल्म के वितरण से सिनेपोलिस इंडिया जुड़ा है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म में साईं बाबा के प्रेम, करुणा, मानवता और आस्था के संदेश को प्रमुखता दी गई है तथा उनके कालखंड को प्रामाणिकता के साथ पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। पलाश मुच्छल ने कहा कि ‘तेरा साईं’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि आस्था, इंसानियत और आत्म-खोज की यात्रा है। शिरडी से साईं बाबा के आशीर्वाद के साथ फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा करना उनके लिए बेहद खास और भावुक क्षण है।
‘तेरा साईं’ 05 फरवरी 2027 को हिंदी, मराठी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
