
इंदौर. अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में बदमाश ने खड़ी कार को निशाना बनाकर उसमें रखा नकदी और जेवर से भरा पर्स चोरी कर लिया. रणजीत हनुमान रोड स्थित द्रोणाचार्य जिम के पास खड़ी कार का कांच फोड़कर बदमाश अंदर रखा पर्स ले गया. उसमें 1 लाख 20 हजार रुपए नकद और सोने के पुराने आभूषण रखे थे. चोरी गए सामान की कीमत डेढ़ लाख रुपए से अधिक बताई गई है.
फरियादी संध्या पति अमित शर्मा, निवासी सेक्टर-बी, स्कीम नंबर 71 ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि कार द्रोणाचार्य जिम के पास खड़ी की थी. इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने कार का कांच तोड़ा और अंदर रखा पर्स लेकर फरार हो गया. पर्स में नकदी के अलावा सोने के पुराने इस्तेमाल किए हुए आभूषण रखे थे. शिकायत पर अन्नपूर्णा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है. पुलिस आसपास के रास्तों और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाश की पहचान हो सके. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कार का कांच तोड़कर पर्स चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.
