दिवाली पर सफाई के बहाने घर से मंगलसूत्र और पेंडल चुराने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र में दिवाली पर घर की सफाई करने पहुंची दो महिलाओं ने अलमारी से सोने का मंगलसूत्र और पेंडल चोरी कर लिया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से करीब तीन लाख रुपए कीमत के 25 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं.

शनिवार 3 नवंबर को फरियादिया ने कनाड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया कि दिवाली के दौरान घर की सफाई के लिए दो महिलाएं आई थीं. इसी दौरान अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र और पेंडल गायब हो गया. शिकायत पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की. थाना प्रभारी तिलक कारोले के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया. फरियादिया द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने साबरी पिता गोकुल पवार उम्र 21 साल, निवासी देवगुराड़िया और छाया पति दयाराम राठौर उम्र 45 साल, निवासी छापने रोड, हरदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने चोरी करना कबूल किया. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कर्ज चुकाने और अपने शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने दोनों महिलाओं के पास से मोतियों वाला सोने का एक मंगलसूत्र और दो सोने के पेंडल बरामद किए हैं. इनका वजन करीब 25 ग्राम और कीमत लगभग तीन लाख रुपए बताई है. पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं एक से अधिक घरों में काम करती थीं. ऐसे में उनसे अन्य संपत्ति संबंधी वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में कुछ और मामले सामने आ सकते हैं. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि कनाड़िया पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर बरामद कर लिए हैं. उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.

Next Post

राहुल गांधी फुस्स रॉकेट, लॉन्च नहीं होने वाले: योगी

Wed Nov 4 , 2026
गोरखपुर, 04 नवंबर (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा सहित पूरा इंडी गठबंधन भारत की विकास व आत्मनिर्भरता की यात्रा में लगातार रोड़े अटका रहा है। कांग्रेस और उसका इंडी गठबंधन दिल्ली में अराजकता पैदा कर लोकतंत्र के लिए खतरा बना हुआ […]

You May Like