नयी दल्ली 14 जून (वार्ता) रेलवे ने मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हुए रेल हादसे पर दुख व्यक्त किया है और यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति न उतरें तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।
रेलवे के अनुसार रविवार को लगभग 16:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर (एचईपीट) – धौलपुर (डीएचओ) रेल खंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) किए जाने के कारण गाड़ी में रुक गयी।
रेलवे ने बताया है कि प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है।
रेलवे कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों तथा परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति न उतरें तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।
