कोलकाता, 14 नवम्बर (वार्ता) भारतीय टीम से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में हैदराबाद के ख़िलाफ़ 21 गेंदों में नाबाद 60 रन की पारी खेलने के बाद कहा कि वह टीम इंडिया में वापसी के लिए बेताब हैं और इसके लिए उन्हें एक बार फिर चयन का दरवाज़ा तोड़ना होगा। साथ ही उन्होंने साफ़ तौर पर कहा कि विश्व कप फ़ाइनल के बाद सीधे भारतीय टीम से ड्रॉप होने के बाद उन्हें काफ़ी दुख पहुंचा था।
उन्होंने कहा, “विश्व कप जीतने के बाद आप यही सोचते हैं कि आईपीएल के बाद जो भी पहली सीरीज़ होगी, आप उसमें खेलेंगे। किसी आईसीसी इवेंट को जीतना आसान नहीं होता, वो भी अपने देश में जहां पहले कोई नहीं जीता था। हमने वो ख़िताब जीता, तो बहुत अच्छा लगा। लेकिन चयनकर्ताओं ने कुछ सोचकर ही फ़ैसला लिया होगा। हालांकि, मैं निश्चित रूप से दुखी था। अगर आपको दुख नहीं होगा, तो आप उस चीज़ को पैशन में कैसे बदलेंगे? पहले भारत के लिए खेलने की जो भूख थी, वही भूख अब फिर से जाग गई है। अगर दोबारा देश के लिए खेलना है, तो फिर से दरवाज़ा तोड़ना पड़ेगा।”
सूर्यकुमार ने अपना आख़िरी अंतरराष्ट्रीय मैच टी20 विश्व कप 2026 का फ़ाइनल खेला था, जिसमें उन्होंने भारत को ख़िताब जिताया था। इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2026 में हिस्सा लिया, लेकिन फिर उन्हें भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था। कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी सॉल्टलेक क्रिकेट स्टेडियम में हैदराबाद के ख़िलाफ़ 174 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 41 गेंदें शेष रहते (13.1 ओवर में) जीत दर्ज की। 285.71 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी करने वाले सूर्यकुमार अपनी पुरानी लय में दिखे और उनकी पारी में बदलते टी20 क्रिकेट के हिसाब से ख़ुद को ढालने का इरादा साफ़ झलक रहा था।
सूर्यकुमार ने नंबर चार पर बल्लेबाज़ी करते हुए अपनी पारी की शुरुआत में ही यह साफ़ कर दिया था कि वह आक्रामक अंदाज़ में अपनी पारी को आगे बढ़ाएंगे। आठवें ओवर में हार्दिक तमोरे के आउट होने के बाद नंबर चार पर बल्लेबाज़ी करने आए सूर्यकुमार ने पहली गेंद पर सिंगल लेने के बाद नौवें ओवर में वेद रेड्डी के ख़िलाफ़ दो छक्के और दो चौके लगाए। इसके बाद वाले ओवर में प्रणव वर्मा के ख़िलाफ़ तीन छक्के और एक चौका लगाया। सूर्यकुमार ने अपने 60 रनों की पारी में पांच छक्के और छह चौके लगाए। उन्होंने सिर्फ़ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
सूर्यकुमार ने अपनी पारी के बारे में कहा, “यह कोई स्टेटमेंट देने की बात नहीं है। आप देखिए कि अब टी20 क्रिकेट किस तरह बदल रहा है। 2024 तक खेल थोड़ा अलग था, फिर 2024 से 2026 तक हमने एक अलग ब्रांड का टी 20 खेला, जहां 190 से 220 तक रन बनते थे और कभी-कभी 250 का आंकड़ा भी छू लिया जाता था। लेकिन अब ऐसा दौर आ गया है कि हर मैच में 225, 230 और 240 रन बन रहे हैं। पहले छह ओवर के पावरप्ले में तो ओपनर अच्छी शुरुआत दे ही देते हैं, जैसा कि आज हमें 75-80 रन की शुरुआत मिली। लेकिन इसके बाद सात से 15 ओवरों के बीच भी उसी तेज़ी से बल्लेबाज़ी करना ज़रूरी है, जैसा हमने भारतीय टीम के लिए खेलते हुए देखा है। अगर टीम को 250-260 के स्कोर तक पहुंचना है, तो मैं भी उसी रणनीति को अपना रहा हूं।
अपनी इस आक्रामक पारी के दौरान सूर्यकुमार के पांच छक्के में से चार छक्के इतने लंबे थे कि गेंद ही खो गई। यह चारों छक्के सीधे बल्ले से लॉन्ग-ऑन और स्ट्रेट बाउंड्री की तरफ़ मारे गए थे। इस मुक़ाबले के दौरान स्टेडियम में भारतीय चयनकर्ता शिव सुंदर दास भी मौजूद थे। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह पारी चयनकर्ताओं के लिए कोई संदेश थी, तो सूर्यकुमार ने इन्हीं सीधे शॉट्स का ज़िक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज़ में फ़िल्म एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी के मशहूर सीन को याद किया।
उन्होंने कहा, “फ़िल्म में भाई के दोस्त ने कहा था कि चयनकर्ता जहां बैठे हों, वहीं शॉट मारना। आज मेरा भी कुछ ऐसा ही प्लान था। यह अच्छा होता तो कि चयनकर्ता सीधी बाउंड्री के तरफ़ बैठे रहते। मेरा लक्ष्य लगातार रन बनाना और टीम को मैच जिताना है। मैं बस इस मनोरंजक फॉर्मेट का आनंद ले रहा हूं और खुलकर खेलना चाहता हूं।”
इस मैच में मुंबई के लिए अपना टी 20 डेब्यू कर रहे मुशीर ख़ान ने भी 24 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली और सूर्यकुमार के साथ अहम साझेदारी निभाई।