
रीवा, रीवा सहित विंध्य क्षेत्र का कुख्यात गांजा तस्कर और 50 हजार का इनामी आरोपी आदित्य मिश्रा ओडिशा पुलिस की हिरासत से फिल्मी अंदाज में फरार हो गया है। यह सनसनीखेज घटना सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत छुहिया घाटी में घटित हुई है, जिसके बाद से पूरे रीवा और शहडोल संभाग की पुलिस हाई अलर्ट पर है। खबर मिलते ही रीवा रेंज के आईजी मौके पर पहुंचे बताया जा रहा है की करीब दो महीने पहले ओडिशा पुलिस ने करीब 10 टन गांजे की तस्करी के मामले में रीवा से आदित्य मिश्रा को गिरफ्तार किया था। ओडिशा पुलिस आज उसे रीवा कोर्ट में पेशी के लिए ला रही थी।तभी छुहिया घाटी के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने तीन वाहनों से पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
बदमाशों ने सबसे पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर और तीखा स्प्रे झोंक दिया और जब तक पुलिस कुछ समझ पाती, बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में आदित्य मिश्रा को छुड़ा लिया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मौके पर दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी भी की गई है।”फिलहाल “इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही रीवा आईजी, डीआईजी और दोनों जिलों के एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं। रीवा, सीधी और शहडोल सहित पूरे संभाग में कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है साथ ही पुलिस की स्पेशल टीमें और सायबर सेल लगातार इस गैंग को ट्रैक कर रही हैं और जगह-जगह दबिश दी जा रही है।”
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से हनुमना का रहने वाला 35 वर्षीय आदित्य मिश्रा विंध्य क्षेत्र का सबसे बड़ा गांजा किंग माना जाता है। उस पर रीवा के मनगवां, समान और कई थानों में गांजा तस्करी के बड़े मामले दर्ज हैं और उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। फिलहाल “ओडिशा पुलिस की इस बड़ी लापरवाही और बदमाशों के इस दुस्साहस ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा की क्या पुलिस इस कुख्यात अपराधी को दोबारा पकड़ पाएगी?
