‘एलायंस’ सीजन 2 का ऐलान, 14 जनवरी 2027 को होगा प्रीमियर

मुंबई, 30 सितंबर (वार्ता) लोकप्रिय रियलिटी शो ‘एलायंस’ के दूसरे सीजन का ऐलान हो गया है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को घोषणा की कि ‘एलायंस’ सीजन 2 का प्रीमियर 14 जनवरी 2027 को होगा और यह सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा।डच रियलिटी फॉर्मेट पर आधारित ‘एलायंस’ को जॉन डी मोल ने बनाया है, जबकि इसका निर्माण बनिजय एशिया ने किया है। शो के पहले सीजन में 16 सेलिब्रिटी ‘एलायज’ को एक रहस्यमयी एच.क्यू. में रखा गया था, जहां उन्हें शारीरिक और मानसिक चुनौतियों के साथ गठबंधन, रणनीति और बदलते समीकरणों के बीच आगे बढ़ना था। सीजन 1 की मेजबानी कुणाल खेमू ने की थी।

प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स के निदेशक एवं प्रमुख निखिल माधोक ने कहा कि पहले सीजन को मिली प्रतिक्रिया ने साबित किया कि भारतीय दर्शक रणनीति और माइंड गेम पर आधारित रियलिटी मनोरंजन को पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि दर्शकों को पूरे एक वर्ष तक इंतजार न करवाने के लिए दूसरा सीजन जल्द लाया जा रहा है। इस बार दांव और बड़े, गेमप्ले अधिक रणनीतिक और ड्रामा ज्यादा होगा तथा ‘सिस्टम’ में भी बदलाव किए जाएंगे।

बनिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के संस्थापक एवं ग्रुप सीईओ दीपक धर ने कहा कि सीजन 2 में चुनौतियों के साथ-साथ प्रतिभागियों के फैसले और उनके रिश्ते भी खेल का हिस्सा होंगे। वहीं, ग्रुप चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर मृणालिनी जैन ने बताया कि शो के मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए कई नए बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कुणाल खेमू की वापसी को लेकर भी उत्साह जताया।
‘एलायंस’ का पहला सीजन प्राइम वीडियो की पहली डेली रियलिटी सीरीज था, जिसके नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाते थे। दूसरे सीजन में पहले से ज्यादा रोमांच, रणनीति और ट्विस्ट देखने को मिलने की उम्मीद है।

.....

Next Post

MP में मोबाइल टावरों के नए नियम की तैयारी, घर-स्कूल-अस्पताल के पास क्या बदलेगा?

Wed Sep 30 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में मोबाइल टावर लगाने की प्रक्रिया को लेकर नियमों को ज्यादा स्पष्ट करने की तैयारी है। मोबाइल नेटवर्क की बढ़ती जरूरत के बीच अब टावरों की लोकेशन, जमीन के इस्तेमाल और रेडिएशन की निगरानी जैसे पहलुओं पर एक तय व्यवस्था बनाने की कवायद शुरू हुई है। *NGT […]

You May Like