इंदौर: शहर में गांधीनगर मेट्रो डिपो के पास पीपीपी मॉडल पर कन्वेंशन सेंटर और सुपर कॉरिडोर पर स्टार्ट अप पार्क निर्माण के टेंडर जारी किए जाएंगे. साथ ही मेट्रो पॉलिटियन प्लान भोपाल के स्कूल ऑफ प्लानिंग से बनवाया और मॉनिटरिंग काम करवाने का निर्णय आईडीए बोर्ड बैठक में लिया गया है.आज आईडीए की बोर्ड बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करने और कुछ काम पीपीपी मॉडल पर करवाने का निर्णय लिया गया.
गांधीनगर मेट्रो डिपो के सामने 10 हजार सीटों वाले कन्वेंशन सेंटर के लिए पीपीपी मॉडल पर आर्थिक एवं विकास कार्य निविदा बुलाने पर सहमति दी गई. वही सुपर कॉरिडोर पर योजना 151 और 169 बी पर स्टार्ट अप पार्क के निर्माण और कंसल्टेंट शर्तो में पीपीपी आधार पर टेंडर जारी करने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा बोर्ड बैठक में मेट्रो पॉलिटियन प्लान के इन्वेस्टमेंट और मॉनिटरिंग कार्य के लिए एजेंसी तय की गई. उक्त कार्य भोपाल के स्कूल ऑफ प्लानिंग से करवाने का निर्णय किया गया है. साथ ही बोर्ड बैठक टीपीएस 8 में 60 मीटर रोड और एमआर 12 के रोड अलॉयमेंट के लिए राज्य सरकार से अनुमति लेने का तय कर भोपाल भेजने का निर्णय लिया गया.
इन कार्यों की भी दी स्वीकृति
शहर में टीपीएस 5 और 4 में बगीचों के निर्माण, पाथवे बनाने के लिए 17.65 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई. आईडीए की सभी संपत्तियों को सूची बनाकर नगर निगम को संपत्तिकर भुगतान करने के स्वीकृति दी गई. बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदामा खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव,डीएफओ प्रदीप मिश्रा, टीएनसीपी संयुक्त संचालक शुभाशीष बैनर्जी, पीएचई अधीक्षण यंत्री सी एस खरत, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण यंत्री सुनील कुमार उदिया, एमपीईबी अधीक्षण यंत्री दिलीप कुमार गाठे सहित आईडीए के अधिकारी मौजूद थे.
