नयी दिल्ली 13 फरवरी (वार्ता) जुनैद सिद्दीकी (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद आर्यंष शर्मा (नाबाद 74) और सोहैब खान (51) की आतिशी अर्धशतकीय परियों की बदौलत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने शुक्रवार को टी-20 विश्वकप के 20वें मुकाबले में कनाडा को दो गेंदे शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी।
151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की शुरुआत खराब रही और उसने 66 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। कप्तान मुहम्मद वसीम (चार), आलीशान शराफु (पांच), मयंक कुमार (चार) और हर्षित कौशिक पांच रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय आर्यंष शर्मा और सोहैब खान जोड़ी ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट लिये 84 रनों की साझेदारी हुई। 20वें ओवर में सोहैब खान विजयी शॉट मारने के चक्कर में कैच आउट हुये। सोहैब खान 29 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 51 रनों की पारी खेली। यूएई ने 19.4 ओवरा में पांच विकेट पर 154 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम किया। आर्यंष शर्मा ने 53 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 74 रनों की पारी खेली।
कनाडा के लिए साद बिन जफर ने तीन विकेट लिये। कलीम सना और जसकरण सिंह ने एक- एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले हर्ष ठाकर (50) और नवनीत धालीवाल (34 ) के दमदार प्रदर्शन की बदौलत कनाडा ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ सात विकेट पर 150 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 38 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। कप्तान दिलप्रीत सिंह (11), युवराज सामरा (पांच) और निकोलस कीरटॉ (चार) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद हर्ष ठाकर और नवनीत धालीवाल की जोड़ी ने पारी को संभाला और रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। 13वें ओवर में नवनीत धालीवाल के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी। नवनीत धालीवाल ने 28 गेंदों में चार चौके लागते हुए 34 रन बनाये। कनाडा का पांचवां विकेट हर्ष ठाकर के रूप में गिरा। हर्ष ठक्कर ने 41 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए 50 रनों की पारी खेली। 20वें ओवर की पहली गेंद पर श्रेयस मोव्वा 21 रन बनाकर आउट हुये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर साद बिन जफर पांच रन बनाकर आउट हुये। कनाडा ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 150 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने पांच विकेट लिये। मुहम्मद जवादुल्लाह ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
