सतना। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज और पटाखों जैसी ध्वनि निकालने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यातायात पुलिस द्वारा पिछले छह महीनों के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में ऐसे 150 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान वाहनों से अवैध रूप से लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों को निकालकर जब्त किया गया था।
गुरुवार को यातायात थाना परिसर में डीएसपी ट्रैफिक संजय खरे और रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल की मौजूदगी में इन सभी 150 जब्त साइलेंसरों को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कंपनी फिटेड साइलेंसरों में बदलाव कर उनसे गोली या पटाखे जैसी आवाज निकालना पूरी तरह अवैध है। इससे सड़क पर चल रहे अन्य लोग अचानक घबरा जाते हैं और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
डीएसपी ट्रैफिक के मुताबिक इससे पहले जनवरी 2026 में भी 120 मॉडिफाइड साइलेंसरों को इसी तरह नष्ट किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और वाहन चालकों के साथ-साथ ऐसे साइलेंसर लगाने वाले मैकेनिकों पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
