इंदौर:ऑनलाइन लाखों रुपए की साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को खजराना पुलिस ने हैदराबाद पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की लोकेशन खजराना और पलासिया क्षेत्र में मिलने पर संयुक्त कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया. गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले जाया जाएगा.
शनिवार को तेलंगाना के साइबराबाद साइबर थाना से इंस्पेक्टर शिवा प्रसाद अपनी टीम के साथ इंदौर पहुंचे और कंट्रोल रूम के माध्यम से खजराना थाना पहुंचे. उन्होंने बताया कि साइबर ठगी के एक मामले में आरोपी कपिल अहीर और तिलक शैवाल के खिलाफ उनके थाने में प्रकरण दर्ज है. जांच के दौरान मुख्य आरोपी कपिल अहीर की मोबाइल लोकेशन इंदौर के पलासिया और खजराना चौराहा क्षेत्र में मिली थी.
इस पर थाना प्रभारी मनोज सिंह ने दोबारा आरोपी की लोकेशन ट्रेस कराई और तत्काल एक पुलिस टीम गठित कर हैदराबाद पुलिस के साथ रवाना किया. संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कपिल अहीर, जो मूल रूप से बुरहानपुर का निवासी है, को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया. इसके बाद आरोपी को नियमानुसार हैदराबाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया. हैदराबाद पुलिस आरोपी को जिला न्यायालय इंदौर से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ और कार्रवाई के लिए हैदराबाद ले जाएगी. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि हैदराबाद पुलिस की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई कर साइबर ठगी के आरोपी कपिल अहीर को हिरासत में लेकर तेलंगाना पुलिस के सुपुर्द किया है. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले जाया जाएगा, जहां मामले में आगे की जांच की जाएगी. कार्रवाई के बाद तेलंगाना पुलिस ने सहयोग के लिए खजराना और इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का आभार व्यक्त किया
