नयी दिल्ली, 16 नवम्बर (वार्ता) लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के बदले मोहम्मद शमी को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ ट्रेड करने के लिए पूरी तरह तैयार है। क्रिकइंफो को पता चला है कि आरआर के साथ इस ट्रेड के हिस्से के रूप में एलएसजी ने तमिलनाडु के बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ को रिलीज़ करने पर भी सहमति जता दी है।
हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले शमी के 2026 में आंकड़े बहुत ख़ास नहीं थे (13 मैचों में 9.00 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट), लेकिन उन्होंने एक ऐसे सीज़न में एलएसजी के गेंदबाज़ी आक्रमण को वज़न और गहराई दी थी, जहां टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी।
इस सितंबर में शमी 36 साल के हो गए हैं, लेकिन टी20 क्रिकेट में उन्होंने साबित किया है कि वे अब भी मैच पलटने वाले स्पेल डाल सकते हैं। मिसाल के तौर पर पिछले सीज़न में हैदराबाद में अपनी पुरानी फ़्रेंचाइज़ी सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ उनका वह स्पेल, जहां उन्होंने आईपीएल के सबसे किफ़ायती स्पेल्स में से एक डाला था: 4-0-9-2। शमी ने अपने अनुभव और समझदारी का इस्तेमाल करते हुए अपने पहले दो ओवरों में ही अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की आक्रामक जोड़ी को आउट कर दिया था।
2024 से, शमी ने पावरप्ले में 8.76 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए हैं। सबसे अहम बात यह है कि आईपीएल 2026 के पावरप्ले में एलएसजी के पास सबसे अच्छी इकॉनमी – 8.71 (23 विकेट) होने में उनका बहुत बड़ा हाथ था। इसके उलट आरआर की इकॉनमी 10.14 (28 विकेट) थी, जो कि उनके प्लेऑफ़ में पहुंचने के बावजूद उनकी कमज़ोरियों में से एक थी। एक बार यह अदला-बदली पूरी हो जाने पर, शमी जोफ़्रा आर्चर के साथ जोड़ी बना सकते हैं, जो पिछले सीज़न में आरआर के मुख्य स्ट्राइक गेंदबाज़ थे।
करन की बात करें तो, एलएसजी तीसरी फ़्रेंचाइज़ी होगी जिसका वे आईपीएल में प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले वे पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) दोनों के लिए दो-दो बार खेल चुके हैं। करन चोट के कारण आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए थे।
एलएसजी में, करन अपने लंबे समय के दोस्त और मेंटॉर टॉम मूडी के साथ जुड़ेंगे, जो फ़्रेंचाइज़ी में क्रिकेट के ग्लोबल डायरेक्टर हैं। करन ने ‘द हंड्रेड’ में ओवल इनविंसिबल्स में और यूएई की आईएल टी20 में डेज़र्ट वाइपर्स में भी मूडी के साथ काम किया है। इस साल की शुरुआत में जनवरी में मुख्य कोच के रूप में मूडी के अंडर करन ने वाइपर्स की कप्तानी करते हुए टीम को आईएल टी20 का ख़िताब जिताया था।
करन का टीम में आना एलएसजी के लिए एक अहम ख़ालीपन को भरेगा: एक ऐसा ऑलराउंडर जो बल्लेबाज़ी क्रम में संतुलन दे सके। करन, जो 2022 टी 20 विश्व कप में इंग्लैंड की जीत पर प्लेयर ऑफ़ द फ़ाइनल और प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट रहे थे, उनमें बल्लेबाज़ी क्रम में किसी भी नंबर पर खेलने और हर चरण में गेंदबाज़ी करने की क़ाबलियत है।
करन के रूप में, एलएसजी के पास कप्तान की जगह भरने का विकल्प भी है जो ऋषभ पंत के 2026 सीज़न के बाद पद छोड़ने और ट्रेड में दिल्ली कैपिटल्स में वापस जाने के बाद से ख़ाली है। करन उन अन्य विदेशी दावेदारों की सूची में शामिल हो सकते हैं जो कप्तानी की दौड़ में हैं, जिनमें एडन मारक्रम, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श और जॉश इंग्लिस शामिल हैं।
सिद्धार्थ एक अलग तरह के स्पिनर हैं जो नई गेंद को स्विंग करा सकते हैं। उन्होंने हाल ही में टीएनपीएल जीता है और 20-ओवर की सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में तमिलनाडु के लिए खेलते हुए नज़र आएंगे।
