दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों में तेजी , दालों और गुड़-चीनी में मिला जुला रुख दिखा

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (वार्ता) दिल्ली थोक जिंस बाजार में सोमवार को खाद्य तेलों , चीनी-गुड़ तथा चावल के भाव चढ़े हुए थे जबकि दालों में मिला जुला रुख दिखा।

गेहूं में हल्की नरमी दर्ज की गयी और आटा भी सस्ता बोला गया।

पिछले सप्ताहांत की गिरावट के बाद खाद्य तेलों में आज बाजार में मूंगफली तेल को छोड़ चौतरफा तेजी दिखी। तेल सरसों और वनस्पति में क्रमश: 355 रुपये और 109 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दिखी। सोया 37 रुपये और सूरज मुखी तेल करीब 50 रुपये तेज चल रहा था। जबकि मूंगफली तेल शनिवार को 255 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट के बाद आज करीब करीब उसी स्तर पर बना रहा। पाम आयल मलेशिया में नरमी की खबरों के बावजूद 37 रुपये चढ़ गया।

दालों में चना और मसूर के भाव क्रमश: 56 रुपये और 149 रुपये प्रति क्विंटल चढे़ हुए थे।। तुअर का भाव पिछले सप्ताहांत की तुलना में 57 रुपये ऊपर चल रहा था।उड़द में 15 और मूंग क्रमश: 15 और 41 रुपये टूट गये।

गेहूं प्रति क्विंटल दो रुपये नरम हो गया जबकि आटा 14 रुपये नरम बोला गया। चावल में 28 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी। चीनी और गुड़ बाजार की दिशा आज अलग-अलग थी। चीनी 11 रुपये क्विंटल नरम पड़ गयी जबकि गुड़ 11 रुपये महंगा बोला गया।

विदेशी खाद्य तेल बाजार बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जनवरी का पाम ऑयल वायदा कारोबार यह समाचार लिखे जाने तक 40 रिंगिट घट होकर 4,421 रिंगिट प्रति टन पर चल रहा था। अमेरिकी सोया तेल वायदा के दिसंबर अनुबंधों का भाव एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.13 सेंट प्रति पौंड बोला जा रहा था।

 

 

Next Post

डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे मजबूत

Mon Nov 16 , 2026
मुंबई, 16 नवंबर (वार्ता) अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में 25 पैसे की मजबूती दर्ज की गयी और बाजार बंद होने के समय विनिमय दर प्रति डॉलर 94.19 रुपये थी। बाजार खुलने के समय डॉलर 94.22 रुपये के भाव पर था […]

You May Like