
नौगांव। नगर की सीताराम कॉलोनी निवासी किसान खेत सिंह यादव के दोनों पुत्र अनिकेत यादव और रविंद्र यादव भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर घर लौटे तो पूरे नगर में उत्साह का माहौल बन गया। दोनों सगे भाइयों के एक साथ अग्निवीर बनने पर नगरवासियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर उनका भव्य स्वागत किया। छह माह पहले दोनों का एक साथ अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ था।
प्रशिक्षण पूरा कर घर पहुंचने पर परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से दोनों जवानों का स्वागत किया। घर पहुंचते ही दोनों भाइयों ने अपने माता-पिता और दादा के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी सेना की कैप माता-पिता के सिर पर रखी, जिससे पूरा परिवार भावुक हो गया। पिता खेत सिंह यादव ने कहा कि उनका सपना था कि दोनों बेटे देश की सेवा करें और आज यह सपना साकार होने पर पूरा परिवार गौरवान्वित है।
दोनों अग्निवीरों के सम्मान में तहसील चौराहे से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। डीजे, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों के बीच निकली यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में दोनों जवानों का सम्मान किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र में गर्व का माहौल बनाया है और स्थानीय युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की प्रेरणा दी है।
