शिवपुरी: शिवपुरी के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के करसेना गांव में बीती रात अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पहुंची फॉरेस्ट टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला बोल दिया. इस हमले में कई फॉरेस्ट गार्ड घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक अवैध उत्खनन कर्ताओं ने फॉरेस्ट टीम को बंधक बनाए रखा और रात भर उन्हें अपने कब्जे में रखा. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फॉरेस्ट गार्ड्स की बंधक टीम को मुक्त करा लिया है.
जानकारी के अनुसार वन विभाग की जमीन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से मिट्टी खोद रहे थे. सूचना मिलने पर फॉरेस्ट टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की. इसी दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से फॉरेस्ट कर्मियों पर हमला बोल दिया. हमले में कई फॉरेस्ट कर्मी घायल हुए हैं. वहीं ग्रामीण पक्ष के कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं. ग्रामीणों ने हमले के बाद कुछ फॉरेस्ट कर्मियों को रातभर बंधक बनाकर रखा.
कार्यवाहक वन पाल जुल्फिकार अहमद शिवानी ने कहा, “किसी तरह से मैं वहां से निकलकर सुभाषपुरा थाना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए फॉरेस्ट कर्मियों को छुड़ाया. फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू
कर दी है.”
*कई फॉरेस्ट कर्मी रात भर रहे ग्रामीणों के बंधक, इलाज में हुई देरी*पर
अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुंचा वन प्रशासन का अमला उस समय गंभीर खतरे में आ गया जब अवैध उत्खनन करने वाले ग्रामीणों ने उन्हें हमला बोलकर पहले घायल कर दिया और बाद में बंधक बना लिया. इस दौरान कई वन कर्मी घायल हुए हैं जिन्हें उपचार में देरी का सामना करना पड़ा है. फिलहाल पुलिस ने सभी बंधकों को मुक्त करा कर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है
