इंदौर: बेटमा क्षेत्र में चंबल नदी किनारे मिले युवक के हत्याकांड का खुलासा हो गया है. ऑनलाइन गेम में हारे करीब 6 लाख रुपए के विवाद में दोस्त ने ही पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी.बेटमा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले एबी रोड स्थित चंबल नदी के पास झाड़ियों में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला था. मृतक की पहचान समीर पिता सोहराब पटेल निवासी ग्राम घाटा बिल्लोद के रूप में हुई थी, जो एक दिन पहले से लापता था.
मामले की जांच में पुलिस ने आरोपी रमजान खान को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि समीर और रमजान आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ बैठकर ऑनलाइन गेम खेलते थे. इसी दौरान समीर करीब 6 लाख रुपए हार गया था. रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोपी रमजान ने पैसे मांगने पर गुस्से में आकर समीर पर पत्थर से हमला कर दिया और सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं. दोपहर बाद मामले में पुलिस प्रेस कॉन्फेंस लेकर पूरा खुलासा करेंगी.
