सीजफायर के बाद पाकिस्तान की नापाक एयरस्ट्राइक, अफगानिस्तान के पक्तिका में 8 लोगों की मौत, तालिबान ने युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर 2025: पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों द्वारा 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा के बावजूद, पाकिस्तान पर सीमापार हवाई हमले (एयरस्ट्राइक) करने के आरोप लगे हैं। तालिबान अधिकारियों ने कहा कि इस्लामाबाद ने डूरंड रेखा से लगे पक्तिका प्रांत के कई जिलों में हवाई हमले किए हैं। इन हमलों के बाद एक वरिष्ठ तालिबान अधिकारी ने सीजफायर के टूटने की घोषणा कर दी है।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एएफपी और टोलोन्यूज़ के मुताबिक, पाकिस्तानी हवाई हमलों में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर स्थित अरगुन और बरमल जिलों के कई घरों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में एक क्लब लेवल के अफगानिस्तानी क्रिकेटर समेत कुल 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। यह घटना उस समय हुई जब एक पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के लिए कतर की राजधानी दोहा पहुंच चुका था।

पिछले कुछ दिनों से जारी झड़पों में दोनों पक्षों के कई लोगों की जान गई है। तालिबान ने 58 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया है, जबकि पाकिस्तानी सेना ने 23 सैनिकों के नुकसान के साथ 200 से अधिक तालिबान और आतंकवादियों को मारने की बात कही है। इससे पहले शुक्रवार सुबह उत्तरी वज़ीरिस्तान में हुए एक आत्मघाती हमले में सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे, जिसकी जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने ली थी।

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा की

Sat Oct 18 , 2025
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज धनतेरस के शुभ अवसर पर अपने आवास पर भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश की समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। धनतेरस के इस पावन पर्व पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आयुर्वेद और स्वास्थ्य से […]

You May Like