
आलीराजपुर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत अभियान के तृतीय दिवस 26 जून 2026 को जिला आलीराजपुर में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, उनसे बचाव के उपायों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना आलीराजपुर, आजादनगर, बोरी, नानपुर, उदयगढ़, आम्बुआ सहित चौकी छकतला, बरझर एवं सेजावाड़ा क्षेत्र में हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, सामूहिक स्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी निवेश योजनाएं, साइबर ब्लैकमेलिंग, लोन ऐप फ्रॉड और नकली कस्टमर केयर नंबर जैसे अपराधों से बचने के लिए सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन को समझाया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध लिंक, लालच भरे मैसेज, इनाम या निवेश से जुड़े प्रस्तावों पर बिना जांच भरोसा न करें। साथ ही किसी भी वीडियो कॉल, धमकी भरे फोन या स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी, बैंक अधिकारी अथवा सरकारी अधिकारी बताने वाले अज्ञात व्यक्ति से सावधान रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, मोबाइल ऐप डाउनलोड करते समय सावधानी रखने, डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया पर निजता बनाए रखने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। पुलिस ने विशेष रूप से युवाओं, व्यापारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और बुजुर्ग नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
इस दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई। प्रतिभागियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा परिवार, समाज और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
जिला पुलिस द्वारा नागरिकों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराध की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, उतनी ही अधिक संभावना धनराशि रोकने और अपराधियों तक पहुंचने की रहती है।
जिला पुलिस आलीराजपुर द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता की विविध गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना, डिजिटल सतर्कता बढ़ाना और समाज में सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार की संस्कृति विकसित करना है।
पुलिस का संदेश है—
“सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन।”
“सतर्क नागरिक ही साइबर अपराधों से सुरक्षित नागरिक है।”
