
सीहोर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पीछे गुलजारी का बगीचा इलाके में एक 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब कहीं वह माने.
प्राप्त जानकारी अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र के श्रवण का बगीचा निवासी नेपाल प्रजापति की पत्नी 30 वर्षीय मालती प्रजापति अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को पीएम के लिए अस्पताल लाया गया. बताया जाता है कि मृतिका के मायके पक्ष को सूचना मिलने के बाद वह भी भोपाल से जिला अस्पताल पहुंच गए थे. उसके पिता जमना प्रसाद ने बताया कि मालती का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था. उनका कहना था कि घटना की सूचना काफी देर से दी गई. जब वे अस्पताल पहुंचे, तब बेटी की मौत की जानकारी मिली. परिजनों का आरोप है कि मालती के शरीर और पीठ पर मारपीट के निशान हैं, जिससे आशंका है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे फांसी पर लटका दिया गया. जमना प्रसाद का कहना है कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में आए दिन विवाद होता था. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है. उनका कहना है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. पुलिस द्वारा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
