पहली परफॉर्मेंस के मिले थे सिर्फ 1500 रुपये, आज विदेशों तक बजता है बादशाह के रैप का डंका

मुंबई, बादशाह कभी IAS ऑफिसर बनना चाहते थे, लेकिन किस्मत उन्हें रैपर बना गई। शाहरुख खान की फिल्म से मिला उनका नाम और हनी सिंह के साथ शुरू हुआ सफर आज उन्हें म्यूजिक सुपरस्टार बना चुका है।

पंजाबी और हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उनके गाने रिलीज होते ही पार्टी और क्लब की जान बन जाते हैं। अपनी दमदार आवाज और अलग अंदाज से लाखों दिलों पर राज करने वाले बादशाह 19 नवंबर को अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले बादशाह आईएएस ऑफिसर बनने का सपना देखते थे। इतना ही नहीं, उनका असली नाम भी बादशाह नहीं है।

रैपर और सिंगर बादशाह का असली नाम प्रतीक सिंह सिसोदिया है। उनका जन्म दिल्ली के पीतमपुरा में हुआ था और उनकी शुरुआती पढ़ाई भी यहीं हुई। बचपन से ही उन्हें संगीत का शौक था और वह स्कूल के कार्यक्रमों में गाना गाया करते थे। हालांकि, उस समय उनका सपना एक आईएएस अधिकारी बनने का था। बादशाह ने चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, लेकिन इसी दौरान उनकी दिलचस्पी संगीत की दुनिया में बढ़ने लगी। महज 15 साल की उम्र में उन्हें दिल्ली के एक क्लब में परफॉर्म करने का मौका मिला था। इस पहली परफॉर्मेंस के लिए उन्हें 1,500 रुपये फीस मिली थी।

शाहरुख खान की फिल्म से मिला बादशाह नाम
संगीत की दुनिया में बादशाह ने शुरुआत में ‘कूल इक्वल’ नाम से काम किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना स्टेज नेम बदलकर बादशाह रख लिया। इसके पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। दरअसल, बादशाह बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बहुत बड़े फैन हैं। शाहरुख की साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म ‘बादशाह’ का गाना सुनने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलने का फैसला किया था। इसके बाद प्रतीक सिंह सिसोदिया म्यूजिक इंडस्ट्री में बादशाह के नाम से मशहूर हो गए।

हनी सिंह के साथ शुरू किया करियर, फिर हुए विवाद
बादशाह के करियर की शुरुआत साल 2006 में हुई। इस दौरान वह रैपर यो यो हनी सिंह के साथ ‘माफिया मुंडीर’ ग्रुप का हिस्सा बने। इस प्लेटफॉर्म के जरिए उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। हालांकि, आगे चलकर दोनों के बीच विवाद भी हुए। बादशाह और हनी सिंह के बीच उनके करियर में एक-दूसरे के योगदान को लेकर मतभेद की खबरें सामने आती रहीं।

इन गानों ने बनाया म्यूजिक इंडस्ट्री का सुपरस्टार
बादशाह को असली पहचान उनके सिंगल गाने ‘बैड बॉय’ से मिली। इसके बाद साल 2015 में उनका गाना ‘डीजे वाले बाबू’ जबरदस्त हिट हुआ। वहीं, 2016 में फिल्म ‘कपूर एंड संस’ के गाने ‘लड़की कर गई चुल’ ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। साल 2020 में रिलीज हुआ उनका गाना ‘गेंदा फूल’ भी खूब चर्चा में रहा। हालांकि, यह गाना अपनी लोकप्रियता के साथ विवादों में भी घिर गया था।

Next Post

पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन कबड्डी प्रतियोगिता: कोल्‍हापुर का खिताब पर कब्‍जा

Thu Nov 19 , 2026
सागर। सागर के डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के संरक्षण में बी टी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय अंतर-विश्वविद्यालयीन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के अंतिम दिवस खेले गए प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में शिवाजी विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाबा साहब […]

You May Like