रायपुर, 07 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा, राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था, ‘ऑपरेशन सिंदूर’, सुशासन तिहार और विपक्षी दलों की गतिविधियों सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री साव ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोग कथित रूप से “नापाक हरकतों” में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में “किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी” तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा नहीं देने संबंधी बयान पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का ध्यान संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की बजाय अपने राजनीतिक हितों पर केंद्रित रहता है। उन्होंने इसे “सत्ता लोलुपता का उदाहरण” बताया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर श्री साव ने कहा कि यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व और भारतीय सेना की क्षमता का परिणाम था। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से सीमा पार सक्रिय आतंकियों की ताकत को समाप्त किया गया तथा पहलगाम हमले का जवाब भारतीय सेना ने दिया। उन्होंने सेना के शौर्य को नमन भी किया।
राज्य में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल और नई नियुक्तियों पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लिया गया है। उनके अनुसार इससे शासन व्यवस्था अधिक मजबूत होगी और प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होगी।
सुशासन तिहार कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि यह जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि मंत्री और अधिकारी गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
एनएसयूआई द्वारा मुख्यमंत्री निवास घेराव को लेकर उपमुख्यमंत्री साव ने संगठन की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि “यह संगठन क्या करता है, यह सबको पता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री साव ने कहा कि यदि श्री बघेल कांग्रेस की हार से प्रसन्न हैं तो यह उनकी पार्टी का आंतरिक विषय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “99 चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस लगातार उत्साह में रहती है।”
