ग्वालियर। मोती महल परिसर स्थित ग्वालियर स्मार्ट सिटी का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) अब शहर में स्मार्ट गवर्नेंस का प्रमुख केंद्र बन गया है। यहां से 13 प्रमुख ऑनलाइन सेवाओं की 24 घंटे रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे विभागों के बीच समन्वय, शिकायतों का निराकरण, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और कानून व्यवस्था की निगरानी को मजबूती मिली है।
स्मार्ट सिटी के सीईओ टी. प्रतीक राव ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को जीपीएस से जोड़ा गया है। इनकी लाइव लोकेशन आईसीसीसी से देखी जा रही है। इससे पता चलता है कि वाहन तय वार्डों में नियमित रूप से पहुंच रहे हैं या नहीं।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता हेल्पलाइन (महापौर एवं सभापति हेल्पलाइन) पर मिली शिकायतों के निराकरण की दर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। ऑनलाइन मॉनिटरिंग से जवाबदेही बढ़ी है।
शहर में 100 लोकेशन पर लगे 407 कैमरों से निगरानी हो रही है। 24 प्रमुख स्थानों पर विशेष कैमरों से रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के ऑटोमैटिक चालान हो रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को चोरी, अपहरण सहित अन्य मामलों में मदद मिल रही है। करीब 70 से 80 प्रतिशत मामलों को तेजी से सुलझाने में सहायता मिली है।
आईसीसीसी से फसाड लाइटिंग, स्मार्ट वॉशरूम प्रबंधन, ई-रिक्शा की कलर कोडिंग व ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के तहत राशन वितरण की भी निगरानी हो रही है। कोविड काल में भी इस केंद्र ने अहम भूमिका निभाई थी।
