नीतीश ने 10 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 1000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांरित की

पटना, 28 नवंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की दस लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 1000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांरित की।

श्री कुमार ने आज यहां आयोजित एक कार्यक्रम में दस लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 1000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांरित की। इस अवसर पर श्री कुमार कहा कि इस बार बिहार के लोगों ने विधान सभा चुनाव में भारी बहुमत से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जिताया है तथा फिर से अगले पांच वर्षों तक बिहार की सेवा करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए सभी महिलाओं के साथ – साथ बिहार के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि आज ‘महिला रोजगार योजना के तहत अपनी पसंद का रोजगार करने के लिए 10 लाख महिलाओं को दस-दस हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले एक करोड़ 46 लाख महिलाओं को यह सहायता राशि दी जा चुकी है। आज 10 लाख महिलाओं को यह सहायता दी जा रही है। कुल मिलाकर एक करोड़ 56 लाख महिलाओं को इसका फायदा मिल जायेगा। इस योजना में दी गयी सहायता से काफी संख्या में महिलाओं ने अपनी पसंद का रोजगार शुरू किया है। जो महिलाएं अपना रोजगार अच्छे से करेंगी, उन्हें आगे दो लाख रुपये तक की सहायता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि अब इसके बाद जो परिवार बचे हैं, उनको भी अगले महीने तक सहायता राशि दे दी जायेगी। इससे राज्य के सभी परिवारों की महिलाओं को काफी फायदा होगा ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजग सरकार ने शुरू से ही महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में पंचायती राज संस्थाओं एवं वर्ष 2007 में नगर निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण से शुरूआत की गयी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 से पुलिस की बहाली में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण दिया। वर्ष 2016 से महिलाओं को सभी सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया। पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या बहुत कम थी। वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर राज्य में स्वयं सहायता समूह का गठन कियाजिसे ‘जीविका’ नाम दिया। अब स्वयं सहायता समूह में ‘जीविका दीदियों की संख्या 1 करोड़ 40 लाख हो गयी है। वर्ष 2024 से शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूह का गठन हो रहा है जिसमें लगभग चार लाख 34 हजार जीविका दीदियाँ हैं। गठन लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी महिलाओं को इस 10 हजार रुपये की राशि से अपना काम शुरू करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं में आत्मविश्वास देखकर उन्हें खुशी होती है। राजग सरकार सभी लोगों के विकास के लिये लगातार काम कर रही हैं। केन्द्र सरकार का भी राज्य के विकास में पूरा सहयोग मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया ।

Next Post

वायु प्रदूषण के संकट पर संसद में चर्चा जरूरी : राहुल

Fri Nov 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायु प्रदूषण की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मुद्दा है और […]

You May Like

मनोरंजन

एस. एस.राजामौली ने महेश बाबू की फिल्म वाराणसी के लिए हैदराबाद में बनाया आलीशान सेट मुंबई, 25 मार्च (वार्ता) फिल्मकार एस. एस. राजामौली ने अपनी आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ के लिए हैदराबाद में आलीशान सेट बनाया है। फिल्म वाराणसी में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं।अभी इस फिल्म का प्रोडक्शन चल रहा है और यह हैदराबाद में लगाए गए शानदार सेटों के लिए खूब सुर्खियां बटोर रही है, जहाँ बड़े पैमाने पर वाराणसी की झलक को फिर से बनाया गया है। प्रतिष्ठित मंदिरों और आलीशान महलों के डिजाइन से लेकर बारीक से बारीक बनावट तक, ये सेट वाराणसी से इतने मिलते-जुलते हैं कि कोई भी यह महसूस किए बिना नहीं रह सकता कि वे साक्षात उसी पवित्र शहर के बीचों-बीच खड़े हैं। घाटों, मंदिरों और वहाँ के माहौल को इतनी बारीकी से डिजाइन किया गया है कि वाराणसी की रूह को पूरी तरह से उसमें उतारा जा सके, जिससे ये सेट एकदम असली नजर आ रहे हैं। चर्चा को और बढ़ाते हुए, ‘वाराणसी’ से महेश बाबू का ‘रुद्र’ के रूप में दमदार लुक, पृथ्वीराज सुकुमारन का ‘कुंभा’ के रूप में इंटेंस पहला लुक और प्रियंका चोपड़ा जोनस का ‘मंदाकिनी’ के रूप में रौबदार अवतार पहले ही सामने आ चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और पूरे देश में एक्साइटमेंट भर दी है। इन शानदार झलकियों ने उम्मीदें बहुत बढ़ा दी हैं, और अब दर्शकों का इंतज़ार सातवें आसमान पर है क्योंकि हर कोई इस भव्य सिनेमाई अनुभव का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है, जो सात अप्रैल, 2027 को बड़े पर्दे पर एक ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है।