मुंबई, (वार्ता) मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने ‘सेलिब्रेटिंग द चैंपियंस’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस शाम का उद्देश्य टी20 मुंबई लीग 2026 के विजेताओं को सम्मानित करना और मैदान के अंदर व बाहर लीग की प्रगति का जश्न मनाना था। इस कार्यक्रम में क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए एक प्रतिस्पर्धी मंच के रूप में लीग की प्रगति और इसकी बढ़ती व्यावसायिक ताकत को सराहा गया। साथ ही, नौवीं फ्रेंचाइजी को आधिकारिक तौर पर शामिल करना लीग की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।
इस कार्यक्रम में विश्व कप विजेता भारतीय कप्तान और ‘ट्रायम्फ नाइट्स में एमएनएनई’ के कप्तान सूर्यकुमार यादव, एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक, टी20 मुंबई लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन राजदीप गुप्ता, टी20 मुंबई लीग के खिलाड़ी सरफराज खान, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, सायली सतघरे, विभिन्न टीमों के खिलाड़ी, एमसीए के पदाधिकारी, एमसीए एपेक्स काउंसिल और लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य, टीम ऑपरेटर और कमर्शियल पार्टनर, एमसीए क्लब सचिव और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस शाम, पुरुष लीग में अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने के लिए ‘एमसीए मराठा रॉयल्स’ को सम्मानित किया गया, जबकि पहली महिला लीग जीतने पर ‘सोबो मुंबई फाल्कन्स’ को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण लीग की नौवीं फ्रेंचाइजी का आधिकारिक तौर पर शामिल होना था, जो नवी मुंबई का प्रतिनिधित्व करेगी। यह नया जुड़ाव संभावित निवेशकों के बीच इस प्रतियोगिता के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। भारत के पूर्व कप्तान और ‘ट्रायम्फ नाइट्स एमएनई’ के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “मेरा मानना है कि मुंबई में क्रिकेट खेलने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए सबसे ज़रूरी चीज़ एक सही मंच (प्लेटफ़ॉर्म) का होना है। दुनिया भर में क्रिकेट के लगातार विस्तार के साथ, ऐसे मौकों तक पहुँच होना बहुत महत्वपूर्ण है, और हर खिलाड़ी इनका बेसब्री से इंतज़ार करता है। मुझे आज भी याद है जब मैंने पहली बार 2018 में ‘टी20 मुंबई लीग’ के बारे में सुना था। मैं बहुत उत्साहित था क्योंकि उस समय, खिलाड़ियों के पास मौके मुख्य रूप से आईपीएल और घरेलू टूर्नामेंटों तक ही सीमित थे। इस लीग ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक और बेहतरीन मंच प्रदान किया।”
इस अवसर पर बोलते हुए, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, “यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि ‘टी20 मुंबई लीग’ ने एक क्रिकेटिंग प्लेटफ़ॉर्म और एक स्पोर्ट्स प्रॉपर्टी के रूप में कितना लंबा सफ़र तय किया है। आज का यह जश्न न केवल हमारे चैंपियनों को सम्मानित करने के लिए है, बल्कि उन तरक्की को भी मान्यता देने के लिए है जो इस लीग ने पिछले कुछ वर्षों में हासिल की है। मुंबई हमेशा से देश में क्रिकेट के सबसे मज़बूत केंद्रों में से एक रहा है, और यह ज़रूरी है कि हम आने वाली पीढ़ी के लिए ऐसे मौके बनाते रहें ताकि वे इस विरासत को आगे ले जा सकें। एमसीए के रूप में, हम चाहते हैं कि यह लीग और आगे बढ़े, साथ ही अपने मुख्य उद्देश्य-स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और मुंबई के क्रिकेट इकोसिस्टम को मज़बूत करने-पर भी कायम रहे।”
‘टी 20 मुंबई लीग’ गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन राजदीप गुप्ता ने कहा, “अपनी शुरुआत के बाद से इस लीग ने एक लंबा सफ़र तय किया है, और इसमें नौवीं फ्रेंचाइज़ी का जुड़ना इस यात्रा का एक अहम पड़ाव है। छह वर्षों में 106.88 करोड़ रुपये में फ्रेंचाइज़ी का अधिग्रहण, निवेशकों द्वारा ‘टी20 मुंबई लीग’ में दिखाए गए भरोसे और इसके भविष्य में मौजूद संभावनाओं को दर्शाता है। हमने एक ऐसा टिकाऊ फ्रेंचाइज़ी-आधारित टूर्नामेंट बनाने की दिशा में काम किया है, जिसमें खेल के महत्व और व्यावसायिक अवसरों के बीच सही संतुलन हो। आगे देखते हुए, हमारा ध्यान फ्रेंचाइज़ी इकोसिस्टम को मज़बूत करने, सार्थक साझेदारियाँ बनाने और इस लीग को ज़्यादा से ज़्यादा दर्शकों तक पहुँचाने पर होगा।”
