मुंबई, 10 नवंबर (वार्ता)लोक आस्था के महापर्व छठ की भक्ति और परंपरा को समर्पित भोजपुरी गीत ‘उगी आदित भोर भइले’ वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया गया है। नवरत्न पांडे की सुरीली आवाज में प्रस्तुत इस गीत में दामिनी यादव, प्रिया तिवारी और साक्षी झा ने अभिनय किया है। गीत के वीडियो में छठ पर्व की पारंपरिक छटा, सूप-दउरा, पूजा की तैयारियों और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के भक्तिमय दृश्यों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। कलाकारों की प्रस्तुति और संगीत के माध्यम से छठ व्रतियों की श्रद्धा और लोक आस्था को दर्शाने का प्रयास किया गया है।
निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था का खूबसूरत प्रतीक है। ‘उगी आदित भोर भइले’ के माध्यम से छठी मईया और सूर्य देव के प्रति श्रद्धा को संगीत के जरिए प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। नवरत्न पांडे की आवाज और कलाकारों की प्रस्तुति इस गीत को खास बनाती है। उन्हें उम्मीद है कि यह गीत छठ व्रतियों और भोजपुरी संगीत प्रेमियों को पसंद आयेगा।
गायक नवरत्न पांडे ने कहा कि छठ गीत गाना उनके लिए भावुक और भक्तिमय अनुभव है। छठी मईया की महिमा और सूर्य देव की आराधना को अपनी आवाज में प्रस्तुत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पूरी श्रद्धा और भावना के साथ इस गीत को गाया है।
दामिनी यादव, प्रिया तिवारी और साक्षी झा ने कहा कि छठ गीत में अभिनय करना उनके लिए खास अनुभव रहा। छठ पूजा की परंपराओं और श्रद्धा को कैमरे के सामने जीवंत करना भावनात्मक अनुभूति थी। गीत के बोल अरुण बिहारी ने लिखे हैं, जबकि संगीत छोटू रावत ने तैयार किया है। इसका निर्देशन आशीष पार्क ने किया है। डीओपी रवि राठौर और राहुल राय, कोरियोग्राफी विक्की डीएस, एडिटिंग विक्की एस. राज तथा डीआई रोहित सिंह ने किया है। प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी नवरत्न पांडे ने संभाली है।
‘उगी आदित भोर भइले’ वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

