
गोटेगांव। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में मासूम बच्ची सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
यह हादसा गोटेगांव बाईपास के बगासपुर मार्ग पर संगम गार्डन के पास हुआ, जहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। थाना गोटेगांव एस.आई संतराम चौरसिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, निवासी छिंदोरी हार रेलवे पुल के पास दौलत सिलावट अपनी पत्नी सपना सिलावट, 3 वर्षीय बेटी सिद्धी और नीरज सिलावट के साथ बगासपुर से अपने ससुराल से गोटेगांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही निवासी नूरी मोहल्ला कासिम खान की बाइक से उनकी बाइक की तेज भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही दौलत सिलावट और कासिम खान की मौत हो गई। हादसे में सपना सिलावट, मासूम सिद्धी और नीरज सिलावट गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल गोटेगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान गुरुवार को 3 वर्षीय सिद्धी ने भी दम तोड़ दिया।
फिलहाल सपना सिलावट और नीरज सिलावट का जबलपुर में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
