नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुज श्रीवात्री के देश के 100 वें ग्रैंडमास्टर बनने के बाद शतरंज में भारत के बढ़ते कद की सराहना की, इस ‘मील के पत्थर’ को एक असाधारण उपलब्धि बताया और अधिक युवाओं से इस खेल को अपनाने का आग्रह किया।
मध्य प्रदेश के खिलाड़ी को बधाई देते हुए मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि देश में प्रतिभा की गहराई, शतरंज खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता और युवा पीढ़ी के बीच खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “भारत ने शतरंज में शतक लगाया है! क्या यह असाधारण नहीं है? भारत अब सौ शतरंज ग्रैंडमास्टरों का घर है! भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर अनुज श्रीवात्री को बधाई! यह कितनी शानदार उपलब्धि है।”
उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि कई युवाओं को शतरंज अपनाने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।”
श्रीवात्री ने रविवार को फिलीपींस के सिनाकाबन में 7वीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी जीत ने भारत के ग्रैंडमास्टर्स की संख्या को 100 तक पहुंचा दिया, लगभग चार दशक पहले विश्वनाथन आनंद 1988 में यह खिताब हासिल करने वाले देश के पहले खिलाड़ी बने थे।
नवीनतम मील का पत्थर भारतीय शतरंज के तेजी से विकास को भी रेखांकित करता है, जिसमें इस साल जुलाई और नवंबर के बीच पांच खिलाड़ियों ने ग्रैंडमास्टर खिताब अर्जित किया है। श्रीवात्री से पहले यह उपलब्धि हासिल करने वाले चार खिलाड़ी एथन वाज़, हर्षवर्द्धन जीबी, एस अश्वथ और वी रथनावेल थे।
खेल में भारत का उत्थान उच्चतम स्तर पर भी परिलक्षित हुआ है, डी गुकेश के पास वर्तमान में विश्व चैम्पियनशिप का खिताब है। भारतीय इस महीने के अंत में अपने ताज की रक्षा करेंगे।
