नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ चीनी भी मजबूत हुई जबकि गेहूं में नरमी देखी गयी। खाद्य तेलों और दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत चार रुपये बढ़कर 3,888 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 14 रुपये सस्ता हुआ और 2,770 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी 19 रुपये गिर गयी। दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 16 रुपये और चना दाल की पांच रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वहीं, मूंग दाल 15 रुपये और तुअर दाल पांच रुपये सस्ती हुई। मसूर दाल भी दो रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में अगस्त का पाम ऑयल वायदा 11 रिंगिट बढ़कर 4,539 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.27 प्रतिशत की बढ़त में 75.11 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 38 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। पाम ऑयल 21 रुपये और सूरजमुखी तेल 15 रुपये महंगा हुआ। वनस्पति का भाव कमोबेश गत दिवस के स्तर पर ही रही। मूंगफली तेल 15 रुपये और सोया तेल चार रुपये सस्ता हुआ। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव लगभग स्थिर रहा। चीनी दो रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
