
शाजापुर। शाजापुर नगर पालिका अब तू तू मैं मैं का अखाड़ा बन चुका है. अभी सीएमओ और अध्यक्ष का शीत युद्ध समाप्त भी नहीं हुआ कि नपा प्रतिपक्ष नेता अजीज मंसूरी और सीएमओ के बीच परिषद की बैठक में जमकर तू तू मैं मैं हो गई. अजीज मंसूरी ने बाहर आकर सीएमओ पर गाली गलौच के आरोप लगाए, लेकिन चंद घंटे बाद ही अजीज मंसूरी ने अपने बयान से पलटी मारते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ, यह परिषद परिवार का मामला था.
गौरतलब है कि शाजापुर नगर पालिका में बुधवार को विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया था. जिसमें नपा प्रतिपक्ष अजीज मंसूरी और सीएमओ के बीच विवाद की स्थिति हो गई. नेता प्रतिपक्ष कर्मचारियों की उपस्थिति का रजिस्टर छीनने के लिए उठे थे, जिस पर सीएमओ ने आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि उनके अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वे दुव्र्यवहार नहीं होने देंगे. इस हंगामे को देखते हुए भाजपा पार्षदों ने बीच बचाव कर मामले को शांत किया.
इनका कहना है
मेरे सामने ऐसा कोई मामला नहीं हुआ, मैं उस समय मीटिंग से चला गया था. यदि प्रतिपक्ष नेता ने किसी भी अधिकारी कर्मचारी के साथ अभद्रता की है तो इस मामले को जांच में लिया जाएगा.
-प्रेम जैन, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, शाजापुर
प्रतिपक्ष नेता अजीज मंसूरी ने खुद वीडियो जारी कर बोला है कि परिषद की बैठक में उनका किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ है. इस मामले में मुझे कुछ नहीं कहना है.
-भूपेंद्र कुमार दीक्षित, सीएमओ, नगर पालिका परिषद, शाजापुर
