
इंदौर. शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कचरा उठाने की व्यवस्था चरमरा गई है. शहर में सड़कों और फुटपाथों पर कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं. नगर निगम में तीन दिनों से सफ़ाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है. बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने भाजपा की संकल्प सभा में नेताओं का घेराव कर जमकर हंगामा किया.
नगर निगम सफाई कर्मचारियों ने आज नेहरू पार्क स्मार्ट सिटी कार्यालय पर प्रदर्शन किया. पिछले तीन दिनों से नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे है. सफाई कर्मचारियों ने आज अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर नेताओं का घेराव भी किया. हड़ताली सफाई कर्मचारी महिलाओं ने आज विजय नगर आईडीए ग्राउंड पर बीजेपी की पीएम संकल्प सभा में नेताओं का घेराव कर जमकर हंगामा किया. इस दौरान महिला सफाई कर्मचारियों ने सांसद शंकर लालवानी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित संकल्प सभा में मौजूद नेताओं को खूब खरी खोटी सुनाई. इस दौरान अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को संकल्प सभा में जाने से रोक दिया. इसके बाद महिला सफाई कर्मचारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी और पुलिस की मौजूदगी में हंगामा जारी रखा. इसके बाद संकल्प सभा में आए नेताओं ने चुपचाप रवानगी ले ली. हालांकि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के सामने हंगामा कर रही महिलाओं को विधायक रमेश मेंदोला ने समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला सफाई कर्मचारियों के हंगामे में चर्चा नहीं हुई और नेता आगे बढ़ गए.
कचरे में महापौर के पोस्टर डालकर प्रदर्शन
कांग्रेस नेता गिरीश जोशी, विवेक खंडेलवाल और विभाष शर्मा ने कचरे के ढेर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के फोटो छपे पोस्टर डालकर कर प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने सफाई मित्रों की मांगे पूरी करने की मांग की. साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं देने की लेकर कटाक्ष किया.
शहर हित में कर्मचारी कचरा न फैलाएंः महापौर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगों को लेकर विरोध का अधिकार है. उनकी उचित मांगो को पूरा करना हमारा दायित्व है. मेरी कर्मचारियों से अपील है कि वे शहर, निगम और स्वयं कर्मचारी हित में चोरी छुपे कचरा न फैलाएं. सबकी जानकारी मिल रही है और उन पर कार्रवाई की जाएगी. कांग्रेस कचरा और अन्य समस्याओं को लेकर भ्रम की गंदगी फैलाने का काम रही है.
अड़ियल रवैए की बजाय सहानुभूतिपूर्वक निर्णय ले लेंः वर्मा
शहर में सफाई कर्मचारियों द्वारा मेहनत कर 8 बार नंबर वन बनाया है. मेरे स्वर्ग जैसे सुन्दर शहर को भाजपा के महापौर, अधिकारी नरक बनाने पर क्यों तुले है. उक्त बात पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों द्वारा हड़ताल की जा रही है. भाजपा सरकार, महापौर और अधिकारी सफाई कर्मचारियों की मांग मान क्यों नहीं लेते है. मेरी सलाह है कि भाजपा अड़ियल रवैए की बजाय सफाई कर्मचारियों के लिए सहानुभूति पूर्वक निर्णय ले ले.
