
इंदौर. बुधवार को भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा ज्योति संकल्प यात्रा का आयोजन किया. इसके तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रतिमा तक सेवा ज्योजि मशाल यात्रा निकाली गई. संकल्प सभा में मंत्री ने संकल्प का वचन कर शपथ दिलाई.
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर देश भर में भाजपा द्वारा विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया. उपरोक्त संदर्भ में शहर के विजय नगर स्थित आईडीए ग्राउंड पर बीजेपी द्वारा संकल्प सभा आयोजित की गई, जिसमें सभी विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा समर्थक क्षेत्रीय विधायक के साथ सभा स्थल पर पहुंचे. सभा स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल भाषण सुनाया गया. वर्चुअल भाषण के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभा स्थल पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संकल्प का वाचन कर विकसित भारत की शपथ दिलाई. इसके बाद संकल्प सभा में पीएम के 25 साल पूरे होने को लेकर मशाल जलाई गई. साथ ही सभा स्थल से डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी बापट चौराहे तक मशाल यात्रा निकाली गई. मुखर्जी की प्रतिमा से सभी विधायक सांकेतिक मशाल लेकर अपने क्षेत्रों में रवाना हो गए. कार्यक्रम में मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पार्षद, नगर पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
