
राजगढ़। दो दिन पूर्व नरसिंहगढ़ नपा के कर्मचारियों के द्वारा वेतन नहीं मिलने पर कामकाज बंद कर हड़ताल की गई थी इसके बाद अब गुरुवार को राजगढ़ नगर पालिका कर्मचारियों के द्वारा दो माह से वेतन नहीं मिलने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कामकाज बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी गई, हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था लडख़ड़ा गई, सडक़ो पर कचरे के ढेर लग गये.
जानकारी के अनुसार नपा कर्मचारियों को दो माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिसके कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने पर आखिरकार हड़ताल का सहारा लेना पड़ा.
अधिकारियों ने दी समझाईश, मांग पर अड़े कर्मचारी
हड़ताल की जानकारी लगने पर नगर पालिका सीएमओ एवं तहसीलदार व एसडीएम मौके पर पहुंचे तथा कर्मचारियों से चर्चा कर समझाईश देते हुए हड़ता समाप्त करने को कहा गया किंतु कर्मचारियों का कहना है कि रुके हुए वेतन का भुगतान होने सहित अन्य मांगों के पूरा होने पर ही हड़ताल समाप्त होगी. इस तरह हड़ताल जारी रही.
नपा कार्यालय के यहां दे रहे धरना
गौरतलब है कि राजगढ़ नपा में लगभग 70 कर्मचारी है, हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के द्वारा नपा कार्यालय के यहां टेंट लगाकर धरना दिया जा रहा है. कर्मचारी अपनी मांगों को माने जाने की पुरजोर मांग कर रहे है. कर्मचारियों के द्वारा अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर विगत दिवस ज्ञापन दिया गया था. जो मांगे है उनमें रुके हुए वेतन का भुगतान, दैनिक वेतन संविदा सफाई कर्मचारियों को कलेक्टर रेट से वेतन देने, वेतन का भुगतान माह की 5 से 10 तारीख में करने सहित अन्य मांगे शामिल है.
जिले में अन्य निकायों में हो चुकी है हड़ताल
वेतन नहीं मिलने व अन्य मांगों को लेकर पूर्व में ब्यावरा, माचलपुर, नरसिंहगढ़ नपा के कर्मचारियों के द्वारा हड़ताल की जा चुकी है. विगत दिवस नरसिंहगढ़ नपा के कर्मचारियों के द्वारा भी कामकाज बंद कर हड़ताल की गई.
