
सौंसर, चोरी और नकबजनी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विदिता डागर ने इनाम की घोषणा की है। आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को प्रति आरोपी 1,250 रुपये कुल 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौंसर थाने में अपराध क्रमांक 459/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज है। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद जनसहयोग प्राप्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने पुलिस रेगुलेशन के पैरा क्रमांक 80(बी)(1) के तहत प्रत्येक आरोपी पर 1,250 रुपये का इनाम घोषित किया है।
*इन आरोपियों की पुलिस को है तलाश*
इनाम घोषित किए गए सभी चारों आरोपी धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जिनमें
बेलसिंग उर्फ रमेश पिता पगिया भील,निवासी ग्राम गुराड़िया,थाना टांडा।
पिन्टू पिता इन्दर सिंह भूरिया,उम्र 27 वर्ष, निवासी बघोली, थाना टांडा।
अनिल पिता रगन अनारे, उम्र 30 वर्ष,निवासी तरसिंगा, थाना टांडा।
भाया पिता हुसैन मच्छार, उम्र 45 वर्ष,निवासी बघोली, थाना टांडा।
*पुलिस की अपील, गोपनीय रहेगी पहचान*
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि इन आरोपियों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सही सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम राशि से पुरस्कृत किया जाएगा और उसकी इच्छा के अनुसार पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। पुरस्कार वितरण के संबंध में एसपी पांढुर्णा का निर्णय अंतिम होगा।
*यहां दें सूचना:*
आरोपियों के संबंध में जानकारी देने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7587645979 या थाना सौंसर के नंबर 9425958286 पर संपर्क किया जा सकता है।
