मुंबई, देश की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ अपने पांचवें सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है और आज इसके ट्रेलर रिलीज से पहले प्राइम वीडियो द्वारा जारी एक विशेष वीडियो ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। इस नए वीडियो में फुलेरा गांव पहले से काफी बदला हुआ और मॉडर्न अवतार में नजर आ रहा है, जहां बनराकस यानी दुर्गेश कुमार द्वारा नए प्रशासन की कमान अपने हाथ में लेने के बाद गांव के रूप-रंग बदलने की झलक दिखाई गई है।
फुलेरा के विकास का नया ब्लूप्रिंट और बनराकस का बदला अंदाज, दर्शकों में बढ़ी कहानी को लेकर जिज्ञासा
जारी किए गए वीडियो में बनराकस को एक नए और बदले हुए अंदाज में देखा जा सकता है, जहां वे फुलेरा के विकास का नया ब्लूप्रिंट तैयार करते दिखाई दे रहे हैं। गांव में होने वाले आधुनिक बदलावों के बीच बनराकस ने नए दौर की शुरुआत का संकेत देते हुए ऐलान किया है कि अब उनका राज शुरू होगा, जिससे दर्शकों के बीच यह जिज्ञासा बढ़ गई है कि आने वाले सीजन में फुलेरा को लेकर उनकी आगे की योजना क्या होगी।
3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा नया सीजन, जितेंद्र कुमार और नीना गुप्ता समेत दिखेगी पूरी स्टारकास्ट
दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार द्वारा निर्मित तथा द वायरल फीवर (TVF) द्वारा प्रोड्यूस की गई इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है और इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। इस सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक सहित कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि ‘पंचायत सीजन 5’ भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में 3 दिसंबर 2026 को एक्सक्लूसिव रूप से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।

