Turnip Paratha Recipe: सर्दियों में बाजार में मिलने वाले शलगम से स्वादिष्ट पराठे बनते हैं। अगर शलगम के पराठे में भरावन पानी छोड़ देता है या स्वाद फीका लगता है, तो इसे तैयार करने का सही तरीका जान लें।
सर्दियों में गरमागरम पराठे खाने का मजा ही अलग है। इस मौसम में बाजार में कई ऐसी सब्जियां मिलती है, जिससे स्वादिष्ट और मसालेदार पराठे बनाए जा सकते हैं। इनका स्वाद भी बेहद खास होता है। इन्हीं में से एक सब्जी है- शलगम। शलगम के मसालेदार पराठे भी सर्दियों की स्पेशलिटी है। इनका स्वाद बढ़ाने के लिए भरावन में कुछ खास मसाले मिलाएं और शलगम को तैयार करते समय कुछ बातों का ध्यान रखें।
शलगम के पराठे बनाने के लिए सामग्री
2 मध्यम आकार के शलगम
2 कप गेहूं का आटा
2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 छोटा टुकड़ा अदरक कद्दूकस किया हुआ
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
आधा छोटा चम्मच अजवाइन
आधा छोटा चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
नमक स्वादानुसार
जरूरत के अनुसार तेल या घी
शलगम के पराठे बनाने की विधि
सबसे पहले आटा गूंथ लें
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें थोड़ा नमक डालकर धीरे-धीरे पानी मिलाएं और नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 15-20 मिनट के लिए छोड़े दें। इससे पराठे बेलना आसान होगा।
शलगम को कद्दूकस करके पानी निकालें
शलगम को अच्छी तरह धोकर छील लें। अब इसे कद्दूकस कर लें। इसके बाद हाथों से दबाकर इसका पानी अच्छी तरह निचोड़ दें। इससे पराठे बेलते समय फटेंगे नहीं।
मसालों के साथ तैयार करें भरावन
अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें जीरा और अजवाइन डालें। इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डालकर हल्का भूनें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ शलगम डालें। मध्यम आंच पर कुछ मिनट पकाएं।
इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और अमचूर पाउडर मिलाएं। शलगम का बचा हुआ पानी सूखने तक इसे पकाएं। आखिर में हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं और थोड़ी पूरे मिक्सचर को भुनें। फिर गैस बंद कर दें। अब भरावन को ठंडा होने दें।
आटे की लोई में भरावन भरें
गूंथे हुए आटे की मध्यम आकार की लोई बना लें। इसे थोड़ा बेलकर बीच में तैयार शलगम का भरावन रखें। अब किनारों को उठाकर अच्छी तरह बंद कर दें। ऊपर से थोड़ा सूखा आटा लगाएं और हल्के हाथों से पराठा बेल लें।
तवे पर सुनहरा होने तक सेंकें
तवा गर्म करें और उस पर बेला हुआ पराठा डालें। एक तरफ हल्का पकने पर पलट दें। अब दोनों तरफ घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें।
गरमागरम शलगम के पराठों को सफेद मक्खन, ताजे दही, हरी चटनी या आम के अचार के साथ परोसें। आप चाहें तो इनके साथ अदरक वाली चाय का भी मजा ले सकते हैं।
