राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के आठवें मुकाबले में इंडिया ए और पाकिस्तान ए की टीमें आमने-सामने हैं। ग्रुप बी के इस मैच में पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 49.2 ओवर में 313 रन बनाते हुए भारत के सामने 314 रनों का लक्ष्य रखा है।
अभिषेक शर्मा ने मचाया गदर
314 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ए की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने जल्दी ही दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने पारी के 8वें ओवर में गेंदबाज इमरान रंधावा के खिलाफ 24 रन बटोरे। उन्होंने 31 बॉल में अपना अर्धशतक पूरा किया।
शुरुआती झटके: वैभव और बडोनी सस्ते में आउट
इससे पहले इंडिया ए को 25 रन के कुल योग पर पहला झटका लगा, जब वैभव सूर्यवंशी महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरा मुकाबला है जिसमें वैभव बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इसके तुरंत बाद 26 रन के स्कोर पर आयुष बडोनी भी बिना खाता खोले (शून्य पर) आउट हो गए। बडोनी के आउट होने के बाद तिलक वर्मा क्रीज पर उतरे हैं।
पाकिस्तान-ए की पारी का हाल
इससे पहले पाकिस्तान ए की ओर से तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। हसन नवाज ने सर्वाधिक 79 रन बनाए, जबकि माज सदाकत ने 59 और फरहान यूसुफ ने 56 रनों का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो हर्षित राणा, प्रिंस यादव, विपराज निगम और सूर्यांश शेडगे ने 2-2 विकेट हासिल किए।
मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने बताया कि उनकी टीम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी, लेकिन लक्ष्य का पीछा करने को लेकर वह खुश हैं। दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया।
