
सारणी। मकान सौदे के विवाद से उपजी मानसिक प्रताड़ना के चलते एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना सारणी में 28 अप्रैल 2026 को मर्ग क्रमांक 27/2026 के तहत जांच शुरू की गई थी। मृतक की पहचान हंसराज पद्माकर (49), निवासी आजाद नगर पाथाखेड़ा के रूप में हुई। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर मामला आत्महत्या का पाया गया, जो मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी राजकुमार लोखंडे और उसकी पत्नी निशा लोखंडे, निवासी बडोरा, ने मकान बिक्री के नाम पर मृतक से 25.21 लाख रुपए का सौदा किया था। आरोपियों ने 3.70 लाख रुपए बयाने के रूप में लिए, लेकिन न तो रजिस्ट्री कराई और न ही राशि लौटाई। इसके विपरीत पैसे मांगने पर मृतक को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे वह मानसिक दबाव में था।
पुलिस के मुताबिक इसी प्रताड़ना से आहत होकर हंसराज पद्माकर ने 28 अप्रैल को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 115/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 29 अप्रैल को न्यायालय में प्रस्तुत किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक मनोज उइके सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आर्थिक धोखाधड़ी या किसी भी प्रकार की प्रताड़ना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
