चेन्नई, 05 अक्टूबर (वार्ता) बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर के बाद तमिल फिल्म ‘सेल्वी’ का चयन 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ है। सेलैश रत्नाकुमार के निर्देशन और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल के निर्माण में बनी यह फिल्म न्यू फिल्ममेकर्स कॉम्पिटिशन में शामिल होगी।
बुसान के बाद यह ‘सेल्वी’ का दूसरा अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल चयन है। साओ पाउलो में फिल्म का ब्राजीलियन प्रीमियर होगा।फिल्म में अंजलि पाटिल ने माइग्रेंट होम-केयर नर्स सेल्वी की भूमिका निभायी है, जो अमीर परिवारों के घरों में काम करती है। उसकी ड्यूटी 12 से लेकर 72 घंटे तक चलती है, जिससे उसकी निजी जिंदगी पर उसका नियंत्रण लगातार कम होता जाता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ उसके अतीत की एक घटना सामने आती है और फिल्म मनोवैज्ञानिक थ्रिलर का रूप ले लेती है।
अंजलि पाटिल ने कहा कि साओ पाउलो फिल्म फेस्टिवल के 50वें संस्करण में फिल्म का चयन पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ब्राजील से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव है और फिल्मकार वॉल्टर साल्स की ‘द मोटरसाइकिल डायरीज’ और ‘आई एम स्टिल हियर’ ने उन पर गहरा प्रभाव डाला है। फिल्म का संपादन नौ बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके ए. श्रीकर प्रसाद ने किया है, जबकि साउंड डिजाइन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता आनंद कृष्णमूर्ति ने किया है। अर्चना पद्मिनी और विनोथ किशन भी फिल्म में प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘सेल्वी’ को रेड सी फंड ने सह-निर्मित किया है, जबकि हांगकांग एशिया फिल्म फाइनेंसिंग ने फिल्म को सहयोग दिया है।

