श्रीनगर, 18 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर की प्रतिष्ठित डल झील में 21 से 23 अगस्त आयोजित होने वाले पहले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 से अधिक एथलीट रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
खेलाे इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का भारतीय खेल प्राधिकरण और जम्मू-कश्मीर खेल परिषद द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। दशकों से, डल झील कश्मीर पर्यटन, कला और संस्कृति का केंद्र रही है और पहले खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव की मेजबानी के साथ यह झील एक राष्ट्रीय धरोहर के रूप में अपनी साख को और बढ़ाने के लिए तैयार है। हाउसबोट मालिक इन खेलों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
कैनोइंग और कयाकिंग की दुनिया की जानी-मानी हस्ती और ओलंपिक जज बिलकिस मीर ने कहा, “यह केवल एक आयोजन नहीं है यह हमारे देश में जल क्रीड़ाओं के एक नए युग की शुरुआत है। सभी एथलीटों की ओर से, मैं हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और पूरी खेलो इंडिया टीम का जल क्रीड़ाओं को प्राथमिकता देने और इसे वह पहचान दिलाने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं जिसके यह वास्तव में हकदार हैं।”
खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव 2025 में युवा जल क्रीड़ा खिलाड़ी मोहसिन अली कयाकिंग स्पर्धा में भाग लेने की तैयारी कर रहा है। वह जम्मू-कश्मीर राज्य चैंपियन है और राष्ट्रीय स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदकों सहित 15 पदक जीत चुका है। अली ने जल क्रीडा को लेकर कहा, “मुझे इन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है, जिनकी हम मेजबानी कर रहे हैं।”
बिकीस मीर ने कहा, “जब मैंने 1990 के दशक में 10 साल की उम्र में यहां पैडलिंग शुरू की थी, तो मैंने एक दिन भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखा था। वह सपना तब साकार हुआ जब मैं विश्वकप में भाग लेने वाली भारत की पहली महिला बनी। मुझे विश्वास है कि यह आयोजन रोमांचक होगा और हमारे उन युवा एथलीटों के लिए एक बड़ी प्रेरणा का काम करेगा जो सबसे बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं।”

