तेलंगाना ओपन में अक्षय शर्मा और मनु गंडास संयुक्त रूप से शीर्ष पर

विकाराबाद (तेलंगाना), 25 अगस्त (वार्ता) चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा और गुरुग्राम के मनु गंडास ने सात-अंडर 65 के समान स्कोर बनाकर वूटी गोल्फ काउंटी, विकाराबाद, में खेले जा रहे तेलंगाना ओपन 2026 के पहले दिन क्लब हाउस में एक शॉट की संयुक्त बढ़त हासिल की।

मंगलवार को एक ही ग्रुप में खेल रहे दोनों अनुभवी गोल्फरों ने अलग-अलग अंदाज में लीडरबोर्ड के शीर्ष पर जगह बनाई।अक्षय ने पहले से चौथे होल तक लगातार चार बर्डी लगाकर शानदार शुरुआत की। पार-5 पांचवें होल की बोगी ने कुछ देर के लिए उनकी लय रोकी, लेकिन उन्होंने इसके बाद चार और बर्डी बनाकर मजबूत शुरुआती राउंड पूरा किया।

दूसरी ओर, मनु ने शुरुआती नौ होलों में दो बर्डी और एक बोगी की। इसके बाद उन्होंने अंतिम नौ होलों में एक ईगल और चार बर्डी लगाकर तेजी से लीडरबोर्ड पर जगह बनाई।

हैदराबाद के 19 वर्षीय विशेष शर्मा और दिल्ली के राशिद खान छह-अंडर 66 के समान स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। दोनों शीर्ष पर चल रहे अक्षय और मनु से एक शॉट पीछे हैं।

बीमारी के कारण कुछ सप्ताह तक प्रतियोगिताओं से दूर रहे विशेष ने वापसी पर छह बर्डी के साथ बोगी-मुक्त राउंड खेला। उन्होंने तीन सप्ताह पहले जेएंडके ओपन में कट गंवाया था।

राशिद ने उतार-चढ़ाव भरे राउंड में पार-4 तीसरे होल पर ईगल बनाया। उन्होंने छह बर्डी और दो बोगी भी कीं।

नोएडा के लक्ष्य नागर ने भी अपना स्कोरकार्ड बेदाग रखा। उन्होंने पांच बर्डी की मदद से बोगी-मुक्त पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाया और पांचवें स्थान पर रहे।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार ने इवन-पार 72 का स्कोर बनाकर पहले दिन संयुक्त 43वां स्थान हासिल किया। पिछले सप्ताह कोलार ओपन में अपने पेशेवर करियर का पहला खिताब जीतने वाले हैदराबाद के मोहम्मद अजहर ने एक-ओवर 73 का स्कोर बनाया और संयुक्त 51वें स्थान पर रहे। कम रोशनी के कारण पहले राउंड का खेल स्थगित करना पड़ा। कुल 132 खिलाड़ियों में से 27 खिलाड़ी अभी भी कोर्स पर थे। बाकी खिलाड़ी बुधवार सुबह 6:45 बजे अपना पहला राउंड पूरा करेंगे।

 

 

Next Post

यूएस ओपन में एग्ज़िबिशन मैच के लिए लौटे रोजर फ़ेडरर ने वापसी की संभावना से इनकार किया

Tue Aug 25 , 2026
वॉशिंगटन, 25 अगस्त (वार्ता) रोजर फ़ेडरर इस हफ़्ते यूएस ओपन में लौट रहे हैं। स्विस टेनिस स्टार मंगलवार को फ़्लशिंग मीडोज़ में एक एग्ज़िबिशन मैच के लिए लौट रहे हैं। इस मैच में उनके साथ ओलंपिक चैंपियन आंद्रे अगासी और यूएस ओपन विजेता एंडी रॉडिक और जॉन मैकेनरो भी शामिल […]

You May Like